राष्ट्र संवाद संवाददाता
सरायकेला-खरसावां जिले में हाल के दिनों में बच्चा चोरी की अफवाहों और भीड़ द्वारा संदिग्ध लोगों के साथ मारपीट की बढ़ती घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए नई पुलिस कप्तान ने पदभार संभालते ही सख्त रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के सभी थाना परिसरों और सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता बैनर व पोस्टर लगाए जा रहे हैं, ताकि आम लोगों को अफवाहों से सावधान किया जा सके और उन्हें कानून हाथ में लेने से रोका जा सके। थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि वे ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करें, खासकर बाजार, हाट और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सतर्कता का संदेश फैलाएं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भीड़ द्वारा किसी के साथ मारपीट करना दंडनीय अपराध है और ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अपुष्ट खबर पर विश्वास न करें और न ही उसे आगे बढ़ाएं। पुलिस का उद्देश्य जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखना और निर्दोष लोगों को अफवाहों का शिकार होने से बचाना है। प्रशासन की यह पहल कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।

