स्वच्छ सेवा आकलन 2026 के लिए कर्मियों को दिया प्रशिक्षण
बेगूसराय राष्ट्र संवाद ब्यूरो
स्वच्छ सेवा आकलन सर्वेक्षण 2026 की तैयारी को लेकर शनिवार को तेघड़ा प्रखंड मुख्यालय के अटल कलाम भवन के सभागार में अनुमंडल स्तरीय एकदिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी रजनीश कुमार ने की। जिला सलाहकार आफताब आलम ने प्रोजेक्टर और वीडियो क्लिप के माध्यम से सर्वेक्षण के मानकों एवं प्रक्रिया की जानकारी दी।
प्रशिक्षण में पंचायत स्तर पर कचरे को गीले और सूखे रूप में अलग करने, घर-घर कचरा संग्रहण, कचरे के सुरक्षित निस्तारण, ठोस एवं तरल कचरा प्रबंधन और सार्वजनिक स्थलों की नियमित सफाई जैसे व्यावहारिक बिंदुओं पर जोर दिया गया। साथ ही, स्वच्छता संबंधी सुविधाओं के उपयोग, उनके रखरखाव, कार्यों की नियमित निगरानी और सर्वेक्षण के लिए आवश्यक आंकड़ों एवं अभिलेखों को व्यवस्थित रखने की जानकारी दी गई।
प्रखंड विकास पदाधिकारी रजनीश कुमार ने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य कर्मियों को सर्वेक्षण के मानकों की व्यावहारिक जानकारी देना है, ताकि पंचायत स्तर पर स्वच्छता कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन हो सके। उन्होंने स्वच्छता गतिविधियों की नियमित निगरानी, कमियों की पहचान और उनमें सुधार के साथ अभिलेखों के सही संधारण पर जोर दिया।
कार्यशाला में तेघड़ा, बछवाड़ा और भगवानपुर के बीसी, सभी कार्यपालक सहायक, तेघड़ा एवं बछवाड़ा के पंचायत सचिव के अलावे 55 की संख्या में पंचायत स्वच्छता पर्यवेक्षकों ने भाग लिया। प्रशिक्षण से कर्मियों को अपने दायित्वों को समझने और आकलन की तैयारी को अधिक व्यवस्थित बनाने पर जोर दिया गया। करशाला में तेघड़ा बीसी नितेश कुमार सिंह, भगवानपुर के चिरंजीव कुमार, पंचायत सचिव सुरेश एवं नंदलाल, वार रूम स्वच्छता कर्मी रामप्रवेश ठाकुर, कार्यपालक सहायक मनोज कुमार आदि मौजूद थे

