चतरा: टंडवा में पुलिस और राहुल दुबे गैंग के बीच मुठभेड़, आम्रपाली एवीएस व चौपारण गोलीकांड का मुख्य शूटर आनंद कुमार घायल।
चतरा सदर का रहने वाला है कुख्यात अपराधी, मौके से लोडेड हथियार बरामद
चतरा जिले में आतंक का पर्याय बन चुके कुख्यात राहुल दुबे गैंग के खिलाफ चतरा पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। बुधवार अहले सुबह करीब 3:00 से 4:30 बजे के बीच टंडवा थाना क्षेत्र के आम्रपाली परियोजना क्षेत्र के अंतर्गत होन्हे गांव से गोड़वाइर जाने वाले रास्ते के जंगल में पुलिस और राहुल दुबे गैंग के बीच जबरदस्त मुठभेड़ (हाफ एनकाउंटर) हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गैंग का खूंखार शूटर पैर में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल कुख्यात शूटर की पहचान आनंद कुमार के रूप में हुई है, जो चतरा जिले के सदर थाना क्षेत्र का रहने वाला है पुलिस सूत्रों के अनुसार, आनंद कुमार बेहद खतरनाक अपराधी है और यह हाल ही में आम्रपाली एवीएस (AVS) कंपनी के कार्यालय पर हुई गोलीबारी तथा हजारीबाग जिले के चौपारण स्थित चर्चित होटल ‘एके इंटरनेशनल’ (Hotel AK International) के बाहर हुए सनसनीखेज गोलीकांड की घटनाओं में मुख्य रूप से शामिल रहा है पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि राहुल दुबे गैंग के कई खतरनाक अपराधी टंडवा थाना क्षेत्र में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में जुटे हैं। इसी इनपुट के आधार पर पुलिस ने त्वरित छापामारी अभियान चलाया। पुलिस को देखते ही अपराधियों की ओर से हरकत शुरू हुई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच मुठभेड़ हो गई। घटनास्थल से पुलिस ने तीन जिंदा और खाली खोखे भी बरामद किए हैं। घटना की आधिकारिक पुष्टि चतरा के पुलिस अधीक्षक (SP) अनिमेष नैथानी ने की है। मुठभेड़ के दौरान अपराधी के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल अपराधी को आनन-फानन में सदर अस्पताल लाया गया, जहाँ से बेहतर इलाज के लिए उसे हजारीबाग सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है। आपको बता दें कि पिछले तीन महीनों के भीतर चतरा पुलिस की राहुल दुबे गैंग के खिलाफ यह दूसरी बड़ी एनकाउंटर कार्रवाई है। इससे पहले अगस्त माह में भी पुलिस ने बसरिया के जंगल में एक अपराधी का एनकाउंटर किया था इस ताजा घटना के बाद पूरे जिले में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद कर दी गई है और खुद चतरा एसपी अनिमेष नैथानी घटनास्थल के लिए रवाना हो चुके हैं। पुलिस जल्द ही इस पूरे नेटवर्क को लेकर एक विस्तृत खुलासा करेगी।

