ढाई घंटे की बारिश में तेघड़ा प्रखंड मुख्यालय जलमग्न, आरटीपीएस काउंटर तक जमा डेढ़ फीट पानी
बेगूसराय राष्ट्र संवाद ब्यूरो
शनिवार सुबह करीब ढाई घंटे तक हुई तेज बारिश से तेघड़ा प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय प्रांगण जलजमाव हो गया। मुख्य द्वार से आरटीपीएस काउंटर तक पानी भर जाने से सरकारी काम से पहुंचे लोगों को परेशानी हुई। खासकर महिलाओं, वृद्धजनों और दिव्यांगों को पानी पार कर कार्यालय तक पहुंचने में काफी दिक्कत उठानी पड़ी।
सुबह करीब सात बजे तेज हवा और ओलावृष्टि के साथ शुरू हुई बारिश लगभग 10 बजे तक जारी रही। इससे नगर परिषद तेघड़ा के बाजार क्षेत्र में दर्जनों जगहों पर भी जलजमाव की स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई वर्षों में प्रखंड मुख्यालय में इतनी बारिश के बाद भी ऐसी स्थिति नहीं देखी गई थी।
जलनिकासी की जिम्मेदारी पर सवाल

मुख्यालय परिसर में जलजमाव ने नगर परिषद और प्रखंड-अंचल प्रशासन की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार प्रखंड मुख्यालय नगर परिषद क्षेत्राधिन में है जलनिकासी की ठोस व्यवस्था नहीं होने से बारिश का पानी परिसर में जमा हो जाता है। नगर प्रशासन एवं
प्रखंड-अंचल प्रशासन को मुख्यालय परिसर में पानी निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए।
दिनभर गुल रही बिजली
तेज हवा और बारिश से जगह-जगह बिजली के तार प्रभावित हुए, जिससे दिनभर बिजली आपूर्ति बाधित रही। बिजली नहीं रहने से सरकारी कामकाज के साथ मोबाइल चार्ज करने जैसे जरूरी कार्य भी प्रभावित हुए। बारिश से मौसम ठंडा हुआ, लेकिन बिजली संकट ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।

