सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल अधेड़ की इलाज के दौरान मौत
भगवानपुर (बेगूसराय) : थाना क्षेत्र के मेहदौली पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 6 हंडालपुर गांव निवासी स्वर्गीय व्यास यादव के 50 वर्षीय पुत्र सोनेलाल यादव उर्फ कारी की इलाज के दौरान शनिवार को दोपहर सदर अस्पताल बेगूसराय में मौत हो गई। मौत की खबर सुनते ही स्वजनों में चीख-पुकार मच गई।
विदित हो कि विगत सफ्ताह शाम लगभग 5 बजे ग्रामीणों ने उसे समसा-पीपरा पथ पर गांव में ही गंभीर रूप से घायल अवस्था में देखा। स्थानीय लोगों का कहना है कि उसे किसी अज्ञात वाहन ने ठोकर मार दी और फरार हो गया, जिसे किसी ने नहीं देखा।
उसे तत्काल पीएचसी भगवानपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने गंभीर अवस्था देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल बेगूसराय रेफर कर दिया। स्वजन उसे सदर अस्पताल बेगूसराय में भर्ती कराए, जहां डॉक्टरों ने उसे पटना रेफर कर दिया। स्वजन उसे बेगूसराय के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराए, लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण स्वजन निजी अस्पताल में इलाज नहीं करा सके, फिर उसे सदर अस्पताल में ही भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान शनिवार को दोपहर में मौत हो गई।तत्पश्चात शव पोस्टमार्टम के उपरांत शनिवार को शाम में हंडालपुर गांव लाया गया, जहां शव पहुंचते ही स्वजनों में चीख-पुकार मच गई। पत्नी ललित देवी सहित अन्य महिलाओं का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक को दो पुत्र हैं, जिसमें एक शादीशुदा है तथा एक कुंवारा है। मृतक व उसका पुत्र गांव में ही रहकर खेतीबाड़ी करता था तथा वह आर्थिक रूप से अत्यंत कमजोर है।

