सड़क की बदहाली से बाइक अनियंत्रित, दो युवक जख्मी
खोदावंदपुर,बेगूसराय। बेगूसराय-रोसड़ा मुख्य पथ एस एच- 55 पर तारा बरियारपुर गांव के समीप शुक्रवार की देर रात सड़क की बदहाली के कारण बाइक अनियंत्रित होकर गिर गयी. हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गये. जख्मी युवकों की पहचान खोदावंदपुर पंचायत के मुसहरी गांव निवासी नरेश महतो के पुत्र सूरज कुमार एवं लुटन महतो के पुत्र नीतीश कुमार के रूप में हुई है. बताया जाता है कि दोनों युवक बाड़ा पंचायत के तेतराही गांव स्थित अपने एक रिश्तेदार के यहां से बाइक से घर लौट रहे थे. इसी दौरान तारा बरियारपुर हाईस्कूल के समीप सड़क की खराब स्थिति के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गये. हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खोदावंदपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए दोनों को सदर अस्पताल बेगूसराय रेफर कर दिया. परिजनों के अनुसार जख्मी सूरज कुमार की स्थिति चिंताजनक बतायी जा रही है. घटना की सूचना मिलने पर 112 नंबर की खोदावंदपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली. पुलिस टीम ने सीएचसी पहुंचकर दोनों जख्मी युवकों का हालचाल भी जाना. स्थानीय लोगों ने बताया कि तारा बरियारपुर हाईस्कूल के निकट एस एच-55 की सड़क की स्थिति लंबे समय से खराब है, जिसके कारण वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी होती है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है.
