
सिस्टम की लापरवाही ने ले ली दो युवकों की जान चेचियाही ढाब में बाढ़ का पानी पार करने के दौरान चाचा-भतीजे की डूबने से हुई मौत

राष्ट्र संवाद संवाददाता
बलिया:लखमिनियां-मसूदनपुर पथ के चेचियाही ढाब में तीसरी बार आई बाढ़ के कारण फैले पानी को पार करने के दौरान गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया. तेज धारा में सड़क किनारे गहरे पानी में गिरने से चाचा-भतीजे की डूबकर मौत हो गयी. मृतकों की पहचान साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के पचवीर वार्ड सात स्थित भगवती स्थान निवासी सोगारथ पासवान के 18 वर्षीय पुत्र सोहन कुमार और फुलो पासवान के 17 वर्षीय पुत्र अमित कुमार के रूप में हुई है. घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया. मृतक अमित कुमार के पिता फुलो पासवान ने बताया कि दोनों युवक घर से साइकिल लेकर बाजार होते हुये मीरअलीपुर दियारा रामप्रवेश पासवान के यहां जाने की बात कहकर निकला था. जहां से लौटने के दौरान चेचियाही ढाब में नाव पर काफी भीड़ थी. नाव से जाने में परेशानी को देखते हुये दोनों पैदल ही साइकिल लेकर बाढ़ के पानी को पार करने लगे. इसी दौरान सड़क के किनारे तेज धारा और गहरे पानी में साइकिल बह गया. साईकल बहता देख एक किशोर पानी में कूद गया. उसे डूबता देख दूसरा भी पानी में कूद गया. पानी अधिक होने के कारण दोनों देखते ही देखते डूबने लगे. मीरअलीपुर तीन मोहनी घाट के समीप मौजूद लोगों ने दोनों को पानी में गिरते देख शोर मचाया. बताया गया कि चेचियाही ढाब में परिचालित नाव बाढ़ के पानी के उत्तरी छोर पर थी. जिसके कारण उसे घटनास्थल तक पहुंचने में समय लग गया. तब तक दोनों युवक पानी में डूब चुके थे. स्थानीय लोगों और नाविकों की तत्परता से सोहन कुमार को पानी से बाहर निकाला गया. साथ ही साईकल भी बरामद कर लिया गया. लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. करीब एक घंटे बाद पहुंची गोताखोरों की टीम ने दूसरे युवक अमित कुमार को भी पास के ही मनीजरा के खेत से बाहर निकाला. कुछ देर तक दोनों मृतकों की पहचान नहीं हो सकी. इसके बाद घटना की जानकारी और तस्वीरें सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद परिजन घटनास्थल पर पहुंचे. पहचान होने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. दोनों मृतक अपने-अपने परिवार में भाईयों में छोटा था. सूचना मिलने पर एसडीओ सह आईएएस अजय यादव, बलिया सीओ आकाश कुमार, थानाध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार, साहेबपुर कमाल सीओ एवं साहेबपुर कमाल थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर थाना ले गयी. हर साल डूबने से हो रही मौत, पुलिया निर्माण की मांग लंबित स्थानीय लोगों का कहना है कि चेचियाही ढाब में बाढ़ के दौरान डूबने की घटनाएं लगातार होती रही हैं. प्रत्येक वर्ष एक-दो लोगों की डूबने से मौत होने की बात ग्रामीणों ने कही. विगत वर्ष भी मीरअलीपुर के एक युवक की डूबने से मौत हुई थी. ग्रामीणों के अनुसार करीब दस वर्षों से चेचियाही ढाब में पुल निर्माण की मांग सांसद और विधायक से लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों तक की जाती रही है. लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ है. बैरिकेडिंग नहीं होने पर उठे सवाल ग्रामीणों ने बताया कि लखमिनियां-मसूदनपुर पथ स्थित चेचियाही ढाब की पुरानी पुलिया जर्जर स्थिति में है. बाढ़ के दौरान प्रशासन की ओर से पुलिया के दोनों तरफ बांस-बल्ले से बैरिकेडिंग कर लोगों को गहरे पानी में जाने से रोकने की व्यवस्था की जाती थी. इस बार बुधवार शाम पानी फैलने के बाद भी बैरिकेडिंग नहीं की गयी. स्थानीय लोगों का आरोप है कि यदि समय रहते बैरिकेडिंग कर दी गयी होती तो दोनों युवकों को तेज धारा में जाने से रोका जा सकता था. ग्रामीणों ने हादसे को सिस्टम की लापरवाही बताते हुये चेचियाही ढाब में स्थायी पुल निर्माण और बाढ़ के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है.

