

कचरा प्लांट पर आर-पार के मूड में ग्रामीण
*वार्ड सभा में उठेगा सहमति का सवाल; मीरुडीह सहित आसपास के गांवों के लोगों से एकजुट होने की अपील, प्रशासन के सामने रखेंगे अपनी आपत्तियां*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, आदित्यपुर
मीरुडीह में प्रस्तावित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट को लेकर ग्रामीणों और नगर निगम के बीच विवाद गहराता जा रहा है। प्लांट के संचालन का विरोध कर रहे ग्रामीण अब अपनी आपत्तियों को सामूहिक रूप से प्रशासन के सामने रखने की तैयारी में हैं। इसी उद्देश्य से 3 नवंबर को सीतारामपुर स्थित न्यू फिल्टर प्लांट फुटबॉल मैदान में विशेष वार्ड सभा बुलाई गई है।
मीरुडीह कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में वार्ड पार्षद दुर्गा चरण बेसरा ने बताया कि सभा में ग्रामीणों की लिखित एवं मौखिक आपत्तियां दर्ज की जाएंगी। इन आपत्तियों को संकलित कर जिला प्रशासन और राज्य सरकार के समक्ष रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों की भावनाओं और समस्याओं को नजरअंदाज कर किसी योजना को आगे बढ़ाना उचित नहीं है।
पूर्व मेयर प्रत्याशी रवींद्र बास्के ने मीरुडीह, सीतारामपुर, मुरुगुटू और धीराजगंज सहित आसपास के गांवों के ग्रामीणों से बड़ी संख्या में सभा में पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह मामला केवल एक गांव का नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के भविष्य से जुड़ा है।
सभा में नगर आयुक्त और संबंधित अधिकारियों को भी आमंत्रित किया गया है। ग्रामीणों की आपत्तियों, सुझावों और सर्वसम्मति से लिए गए निर्णय के आधार पर आगे की रणनीति तय की जाएगी।
प्रेस वार्ता में बुधराम बेसरा, संथाल मांझी टुडू, गुरुचरण मार्डी, कमल नयन महतो और रंजीत कुमार महतो समेत अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।

