

रॉयल्टी कटौती और बिटुमेन की बढ़ती कीमतों से परेशान ठेकेदार, मंत्री दीपक बिरुआ को सौंपा मांग पत्र
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। कोल्हान कॉन्ट्रैक्टर्स संघ के प्रतिनिधिमंडल ने राज्य के मंत्री दीपक बिरुआ से मुलाकात कर सरकारी निर्माण कार्यों में ठेकेदारों को हो रही आर्थिक एवं व्यावहारिक समस्याओं से अवगत कराया। इस दौरान संघ की ओर से विभिन्न मांगों को लेकर एक मांग पत्र भी सौंपा गया।
मुलाकात के दौरान ठेकेदारों ने सरकारी निर्माण कार्यों के भुगतान में रॉयल्टी की कटौती और बिटुमेन की लगातार बढ़ती कीमतों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। संघ के प्रतिनिधियों ने बताया कि खनिज सामग्री की खरीद के समय ठेकेदार पहले ही रॉयल्टी का भुगतान करते हैं। इसके बावजूद सरकारी भुगतान के दौरान दोबारा रॉयल्टी की कटौती किए जाने की आशंका बनी रहती है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।
वहीं, बिटुमेन की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि के कारण भी निर्माण कार्यों की लागत बढ़ रही है। ठेकेदारों का कहना था कि वर्तमान एसओआर (शेड्यूल ऑफ रेट) और बाजार में निर्माण सामग्री की वास्तविक कीमतों के बीच काफी अंतर है। ऐसे में निर्धारित दरों पर निर्माण कार्य पूरा करना उनके लिए चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है।
संघ ने मंत्री से रॉयल्टी कटौती की प्रक्रिया में उचित सुधार करने तथा बिटुमेन की बढ़ती कीमतों के अनुरूप एसओआर में संशोधन करने की मांग की।
मंत्री दीपक बिरुआ ने ठेकेदारों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि इन मुद्दों को राज्य सरकार एवं मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा, ताकि ठेकेदारों की समस्याओं का उचित समाधान निकाला जा सके।

