14 सूत्री मांगों को लेकर गैलेक्सी एक्सपोर्ट्स के गेट पर ग्रामीणों का हंगामा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के भूंईयाडीह टोला स्थित गैलेक्सी एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ सोमवार को ग्रामीणों और श्रमिकों ने 14 सूत्री मांगों को लेकर कंपनी के मुख्य गेट पर धरना-प्रदर्शन किया। सुबह आठ बजे से शुरू हुआ यह आंदोलन दोपहर दो बजे तक चला, जिसके कारण कंपनी का संचालन प्रभावित रहा। प्रदर्शन में पूर्व जिला परिषद सदस्य ओम लायक, कृष्णा कालिंदी, विस्थापित अधिकार मंच फाउंडेशन के अध्यक्ष राकेश रंजन महतो, ग्राम प्रधान बहादुर लायक, आशुदेव महतो समेत सैकड़ों ग्रामीण और मजदूर शामिल हुए। मौके पर किसी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए चांडिल पुलिस बल तैनात रहा।
प्रदर्शनकारियों ने 16 जून को कंपनी में हुए बॉयलर/भट्ठी विस्फोट की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच, रिपोर्ट सार्वजनिक करने तथा घायल और कथित मृत श्रमिकों के आश्रितों को उचित मुआवजा, निःशुल्क इलाज और पुनर्वास की मांग उठाई। इसके अलावा श्रमिकों के लिए न्यूनतम वेतन, ईएसआई-पीएफ, सुरक्षा उपकरण, नियमित प्रशिक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और 75 प्रतिशत स्थानीय लोगों को रोजगार देने की मांग भी रखी गई।
ग्रामीणों ने कंपनी प्रबंधन निदेशक के नाम एक 14 सूत्री ज्ञापन कंपनी मैनेजर एस.के. वर्मा को सौंपा। उन्होंने कहा कि यदि मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। लंबी वार्ता के बाद फिलहाल धरना स्थगित कर दिया गया है।
आंदोलनकारियों ने कंपनी प्रबंधन को मंगलवार शाम चार बजे तक का अल्टीमेटम दिया है। इस दौरान प्रशासन, कंपनी प्रबंधन और ग्रामीणों के बीच त्रिपक्षीय वार्ता होगी। वार्ता के बाद आगे की रणनीति और आंदोलन की दिशा पर निर्णय लिया जाएगा।

