रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर वेस्ट ने कदमजोड़ा में पुनर्निर्मित तालाब का किया लोकार्पण
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर वेस्ट ने पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए पूर्वी सिंहभूम के मुकरूडीह ग्राम पंचायत अंतर्गत ग्राम कदमजोड़ा में पुनर्निर्मित तालाब का लोकार्पण किया।
यह परियोजना रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3250 की डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन नम्रता की प्रेरणा तथा क्लब अध्यक्ष डॉ. विक्रांत तिवारी के नेतृत्व में पूरी की गई। परियोजना के योजना, समन्वय और क्रियान्वयन की जिम्मेदारी रोटेरियन अशोक झा ने निभाई।
तालाब पुनर्निर्माण का उद्देश्य जल संरक्षण, भू-जल पुनर्भरण, पर्यावरणीय संतुलन और दीर्घकालिक जल सुरक्षा को बढ़ावा देना है। इससे ग्रामीणों को जल उपलब्धता में सुधार, कृषि कार्यों में सुविधा तथा क्षेत्र के पारिस्थितिक तंत्र को मजबूती मिलेगी।
यह परियोजना आईएमपीसीए सर्विसेज (IMPCA Services) और एडब्ल्यूएफ (AWF) के सहयोग से पूरी की गई। लोकार्पण समारोह में रोटेरियन, स्थानीय ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि यह पहल रोटरी के आदर्श वाक्य “सेवा ही सर्वोपरि” को साकार करती है और जल संरक्षण के साथ सतत ग्रामीण विकास की दिशा में एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत करती है।

