सदर अस्पताल में ‘इनपेशेंट ग्लाइसेमिक कंट्रोल’ पर कार्यशाला आयोजित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 13 जून: सिविल सर्जन कार्यालय स्थित डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम सभागार में शनिवार को “इनपेशेंट ग्लाइसेमिक कंट्रोल” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने की।
डॉ. साहिर पाल ने कहा कि अस्पताल में भर्ती मरीजों के ब्लड शुगर को सुरक्षित एवं स्थिर स्तर पर बनाए रखना इनपेशेंट ग्लाइसेमिक कंट्रोल का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जनोन्मुख बनाने पर बल दिया।
सदर अस्पताल के डायबिटोलॉजिस्ट डॉ. राम कुमार ने बताया कि बेहतर ग्लाइसेमिक नियंत्रण से संक्रमण की रोकथाम, अंगों की सुरक्षा और मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने में मदद मिलती है। उन्होंने संतुलित आहार, नियमित ब्लड शुगर मॉनिटरिंग और समय-समय पर HbA1c जांच कराने की सलाह दी। साथ ही बेसल-बोलस इंसुलिन रेजिमेन और हाइपोग्लाइसीमिया से बचाव के उपायों की जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ. रंजीत कुमार पांडा ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यशाला में स्वास्थ्य विभाग के कई वरिष्ठ चिकित्सक, विशेषज्ञ, अस्पताल प्रबंधक, एएनएम एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

