जमशेदपुर में युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग, तीन गोली लगने के बावजूद बची जान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र अंतर्गत उलीडीह ओपी इलाके में सोमवार शाम करीब 5:30 बजे उस वक्त सनसनी फैल गई, जब बाइक सवार अपराधियों ने आल्टो कार में सवार विक्की सिंह राजपूत पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हमले में विक्की को तीन गोलियां लगीं, हालांकि वह बाल-बाल बच गया। फायरिंग में उसकी कार भी क्षतिग्रस्त हो गई।

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि करीब तीन साल पुराने विवाद को लेकर लल्ला नामक युवक के साथ विक्की की दुश्मनी चल रही थी, और इसी रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया गया है।
सूचना मिलते ही पटमदा डीएसपी वचनदेव कुजूर मौके पर पहुंचे और घायल विक्की से पूछताछ की। उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

