बारिश ने छीनी छत, भरोसा देने लेडोकोचा पहुंचे विधायक
*मौके से अंचल अधिकारी को फोन कर क्षतिग्रस्त घरों की जांच और राहत प्रक्रिया शुरू करने का दिया निर्देश*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, पोटका
लगातार बारिश ने नरदा पंचायत के लेडोकोचा गांव में कई परिवारों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बारिश के बीच घरों को हुए नुकसान से प्रभावित परिवारों के सामने रहने और जरूरी सामान सुरक्षित रखने की चुनौती खड़ी हो गई है। जानकारी मिलने पर पोटका विधायक संजीव सरदार गांव पहुंचे और प्रभावित परिवारों के बीच जाकर उनकी परेशानियां सुनीं।
विधायक ने क्षतिग्रस्त मकानों की स्थिति का जायजा लिया और परिवारों से बातचीत कर उन्हें भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में उन्हें अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने मौके से ही पोटका की अंचल अधिकारी निकिता बाला को फोन कर प्रभावित घरों की जल्द जांच कराने को कहा। साथ ही आपदा प्रबंधन के निर्धारित प्रावधानों के तहत पात्र परिवारों को आर्थिक सहायता और जरूरी राहत उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तत्काल शुरू करने का निर्देश दिया।
विधायक ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के कारण जिन परिवारों के घर क्षतिग्रस्त हुए हैं, उनके लिए यह कठिन समय है। ऐसे मामलों में केवल आश्वासन नहीं, बल्कि समय पर प्रशासनिक कार्रवाई और राहत जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों से किसी तरह की अनावश्यक देरी नहीं करने को कहा।
इस दौरान विधायक ने पावरा टुडू, दासो टुडू, दुर्गा मुर्मू, राजामुनी टुडू, सिंगु टुडू, सुपाई टुडू, सांगें हेम्ब्रोम और पुलमाल सोरेन समेत प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। विधायक ने कहा कि संकट में लोगों के साथ खड़ा रहना जिम्मेदारी है और प्रशासन के स्तर से हरसंभव सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

