
लेखक: राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। मानगो में रिहायशी इलाकों और बस्तियों के समीप कचरा डंप किए जाने को लेकर गुरुवार को स्थानीय लोगों और नगर निगम के बीच विवाद गहरा गया। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर उतरकर कचरा लदे वाहनों को रोक दिया। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता एवं जमशेदपुर पूर्वी से चुनाव लड़ चुके सौरभ विष्णु कचरा वाहन के आगे सड़क पर लेट गए, जिससे मौके पर काफी देर तक हंगामा हुआ।
इस दौरान सरकारी कर्मचारियों पर पत्थरबाजी का आरोप भी लगा, हालांकि सौरभ विष्णु ने इससे इनकार किया। उन्होंने नगर निगम से कचरा डंपिंग स्थल की वैधानिक अनुमति, प्रशासनिक आदेश और पर्यावरणीय मानकों की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आबादी के समीप कचरा गिराने से स्वास्थ्य और पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने उपायुक्त के कथित आदेश की लिखित प्रति सार्वजनिक करने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। फिलहाल पत्थरबाजी के आरोपों और डंपिंग स्थल की अनुमति को लेकर प्रशासन का विस्तृत पक्ष सामने आना बाकी है।

