बैंक कर्मचारियों की प्रस्तावित हड़ताल टली, आंदोलनात्मक कार्यक्रम भी स्थगित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों की प्रस्तावित हड़ताल फिलहाल टल गई है। इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (आईबीए) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के बीच रविवार को हुई बैठक में विभिन्न मांगों पर सहमति बनने के बाद हड़ताल और आंदोलनात्मक कार्यक्रम स्थगित करने का निर्णय लिया गया।
यूएफबीयू के अनुसार, बैठक में तय हुआ कि पांच दिवसीय बैंकिंग कार्यदिवस की मांग पर विचार के लिए आईबीए और यूएफबीयू की उच्चस्तरीय समिति का तत्काल गठन किया जाएगा। समिति सभी संबंधित पक्षों और हितधारकों से चर्चा कर समाधान निकालने का प्रयास करेगी।
इसके अलावा स्केल-IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए पीएलआई (परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव) योजना में संशोधन के मुद्दे पर आईबीए सरकार के समक्ष प्रस्ताव रखेगा। 8 मार्च 2024 के कार्यवृत्त में लंबित मुद्दों के शीघ्र समाधान के लिए भी दोनों पक्षों के बीच चर्चा पर सहमति बनी।
बैठक में बनी सहमति के बाद यूएफबीयू ने प्रस्तावित हड़ताल और आंदोलनात्मक कार्यक्रम फिलहाल स्थगित कर दिए हैं। यह सर्कुलर 27 सितंबर 2026 को जारी किया गया। इससे बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच आंदोलन को लेकर बनी अनिश्चितता कम होने की उम्मीद है।

