इंस्टाग्राम पर दोस्ती, फिल्म में काम दिलाने का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म
ऑडिशन के नाम पर निजी तस्वीरें मंगाकर ब्लैकमेल करने का आरोप, चार लोगों पर केस
राष्ट्र संवाद संवाददाता
इंद्र यादव
मुंबई। फिल्म में काम दिलाने का झांसा देकर 20 वर्षीय युवती से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। युवती की अगस्त में इंस्टाग्राम के जरिए कांदिवली निवासी जतिन दोषी से पहचान हुई थी। आरोप है कि जतिन ने खुद को फिल्म इंडस्ट्री का मशहूर गायक बताते हुए उसे फिल्म में बड़ा रोल दिलाने का भरोसा दिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने वीडियो कॉल पर ऑडिशन के नाम पर युवती से निजी तस्वीरें मंगाईं। तस्वीरें मिलने के बाद उन्हें वायरल करने की धमकी देकर कथित तौर पर ब्लैकमेल किया गया। इसके बाद युवती को नायगांव इलाके के एक होटल में बुलाया गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप है।
मामले में पुलिस ने जतिन दोषी के अलावा मनाज रहमान, आनंद मुदलियार और ऋषभ दोषी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। नायगांव पुलिस आरोपियों की तलाश और मामले की जांच में जुटी है।
पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर अनजान व्यक्तियों से सावधानी बरतने और निजी तस्वीरें साझा नहीं करने की अपील की है। ब्लैकमेल या धमकी की स्थिति में चुप रहने के बजाय तत्काल परिजनों और पुलिस से संपर्क करने की सलाह दी गई है।

