राष्ट्रपति के प्रस्तावित जमशेदपुर दौरे की तैयारियां तेज, उपायुक्त-एसएसपी ने किया संयुक्त निरीक्षण
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर:भारत की माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के 26 फरवरी को प्रस्तावित जमशेदपुर आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया।

दोनों अधिकारियों ने श्री जगन्नाथ स्प्रिचुअल एंड कल्चरल चैरिटेबल सेंटर, कदमा तथा मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था, मंच निर्माण, अतिथि दीर्घा, प्रवेश-निकास मार्ग, पार्किंग, मीडिया प्रबंधन, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता, अग्निशमन व्यवस्था और आपातकालीन चिकित्सा सुविधा सहित सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। मौके पर मौजूद अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा उपायुक्त और एसएसपी ने सोनारी एयरपोर्ट पहुंचकर राष्ट्रपति के आगमन संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थलों तक निर्धारित रूट लाइन का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा, ट्रैफिक डायवर्जन, वैकल्पिक मार्ग, बैरिकेडिंग और पुलिस बलों की तैनाती की समीक्षा की गई।
सुरक्षा मानकों के अनुरूप कारकेड रिहर्सल भी किया गया, जिसके तहत एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक वीआईपी मूवमेंट की समयबद्धता और सुरक्षा व्यवस्था का परीक्षण किया गया। उपायुक्त ने कहा कि राष्ट्रपति के आगमन को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और गरिमामय बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं तथा तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

