राष्ट्रपति के प्रस्तावित जमशेदपुर दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट, दण्डाधिकारी व पुलिस पदाधिकारियों की ब्रीफिंग
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर:भारत की माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के 26 फरवरी 2026 को प्रस्तावित पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) आगमन को लेकर जिला प्रशासन व्यापक स्तर पर तैयारियों में जुटा है। इसी क्रम में जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय की संयुक्त अध्यक्षता में जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की ब्रीफिंग आयोजित की गई।

ब्रीफिंग के दौरान उपायुक्त ने कहा कि राष्ट्रपति का दौरा उच्चतम प्रोटोकॉल से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। ऐसे में सभी पदाधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, अनुशासन और समन्वय के साथ करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सुरक्षा, प्रोटोकॉल और समयबद्धता में किसी भी स्तर पर चूक नहीं होनी चाहिए। कार्यक्रम स्थल, रूट लाइन, हवाई अड्डा/हेलिपैड, आवास स्थल, सभा स्थल, पार्किंग एवं आपातकालीन व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने रूट लाइन क्लियरेंस, एंटी-सबोटाज जांच, सीसीटीवी निगरानी, ट्रैफिक एवं रूट डायवर्जन, पास व्यवस्था और इंटेलिजेंस इनपुट को प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी पुलिस बलों को निर्धारित ड्रेस कोड एवं प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने को कहा गया। आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए कंट्रोल रूम, क्विक रिस्पॉन्स टीम और मेडिकल इमरजेंसी यूनिट को सक्रिय रखने का निर्देश भी दिया गया।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आम नागरिकों को न्यूनतम असुविधा हो, इसके लिए यातायात संबंधी जानकारी और वैकल्पिक मार्गों का विवरण मीडिया के माध्यम से सार्वजनिक किया जाएगा। ब्रीफिंग में सभी वरीय दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

