पटाखों की बिक्री के लिए तय होंगे स्थल, छठ घाटों पर गोताखोर और सीसीटीवी की व्यवस्था
*दीपावली-छठ की तैयारी को लेकर सरायकेला डीसी की बैठक, संवेदनशील घाटों पर विशेष सुरक्षा के निर्देश*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
दीपावली और छठ पर्व के दौरान सुरक्षा तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने शनिवार को समाहरणालय सभागार में अधिकारियों और पूजा समितियों के साथ बैठक की। उन्होंने स्पष्ट किया कि पटाखों की बिक्री केवल अस्थायी अनुज्ञप्ति प्राप्त विक्रेता चिह्नित स्थलों पर ही कर सकेंगे। घरों के आसपास और अनधिकृत स्थानों पर बिक्री की अनुमति नहीं होगी।
उपायुक्त ने सभी प्रमुख छठ घाटों की सफाई, समतलीकरण, पहुंच मार्गों की मरम्मत और पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। अधिक जलगहराई और दुर्घटना की आशंका वाले घाटों पर चेतावनी बोर्ड, सुरक्षा बल, गोताखोर तथा सीसीटीवी लगाने को कहा गया। अधिकारियों को घाटों का नियमित निरीक्षण करने का निर्देश भी दिया।
पर्व के दौरान भीड़भाड़ वाले मार्गों पर नो-एंट्री और रूट डायवर्जन की व्यवस्था की जाएगी। मुख्य सड़क और सर्विस रोड से अतिक्रमण हटाने तथा अनधिकृत दुकानों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वांगियारी ने थाना प्रभारियों को संवेदनशील घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा योजना तैयार करने को कहा।
स्वास्थ्य केंद्रों को 24 घंटे सक्रिय रखने के साथ एंबुलेंस और अग्निशमन वाहनों को तैयार रखने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने श्रद्धालुओं से केवल प्रशासन द्वारा चिह्नित सुरक्षित घाटों पर ही पूजा करने की अपील की।

