बकरीद को लेकर बिरसानगर थाना में शांति समिति की बैठक, पेयजल व्यवस्था का भी लिया जायजा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर बिरसानगर थाना में थाना प्रभारी श्री संतोष कुमार की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के गणमान्य लोगों एवं शांति समिति के सदस्यों ने अपने-अपने विचार रखे तथा आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की।
केंद्रीय शांति समिति के सदस्य प्रमोद तिवारी ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करते हुए सभी लोग शांतिपूर्ण तरीके से बकरीद पर्व मनाएं। उन्होंने लोगों से अफवाहों से दूर रहने एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

बैठक में केंद्रीय शांति समिति के सदस्य प्रमोद तिवारी, श्री राम प्रसाद, नरेश कुमार, प्रदीप चौधरी, लेना मुंडा, सरिता हो, मलावती लोहार, फूलमनी सोरेन, गीता सिंह समेत अन्य लोग उपस्थित थे।
वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री के निर्देश पर राज्य में लगातार बढ़ रही गर्मी एवं हीटवेव को देखते हुए प्रशासन भी सक्रिय नजर आया। झारखंड सरकार द्वारा सभी उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, थाना प्रभारी, सीओ, प्रखंड विकास पदाधिकारी पंचायत प्रतिनिधियों एवं सरकारी कार्यालयों को कार्यालयों के बाहर एवं सार्वजनिक स्थलों पर आम लोगों के लिए पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
इसी क्रम में बिरसानगर थाना प्रभारी संतोष कुमार थाना परिसर के बाहर स्थल निरीक्षण करते दिखाई दिए। उन्होंने आम लोगों एवं राहगीरों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आदेश भी दिया।

