ऊना. हिमाचल प्रदेश के ऊना स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पीरनिगाह मंदिर से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरा 14 टायर वाला मालवाहक वाहन मंगलवार सुबह हादसे का शिकार हो गया. मंदिर से करीब दो किलोमीटर दूर उतराई में चालक के नियंत्रण खो देने के बाद वाहन सड़क से बाहर निकलकर खाई में जा गिरा. हादसे में करीब 50 श्रद्धालुओं के घायल होने की सूचना है. घायलों में महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हैं.
जानकारी के अनुसार, हरियाणा के करनाल जिले के इंद्री क्षेत्र के अलावा पानीपत, फतेहाबाद और आसपास के इलाकों से श्रद्धालुओं का जत्था रविवार को पीरनिगाह पहुंचा था. श्रद्धालुओं ने मंदिर में माथा टेकने के साथ यहां लंगर का आयोजन भी किया था. मंगलवार सुबह वे माता नैना देवी और श्री आनंदपुर साहिब में दर्शन करने के बाद अपने घर लौट रहे थे.
इसी दौरान पीरनिगाह मंदिर से करीब दो किलोमीटर दूर उतराई वाले हिस्से में अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा. अनियंत्रित वाहन सड़क से बाहर निकल गया और खाई में जा गिरा. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं. राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया. इसके बाद सभी घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
हादसे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के घायल होने के कारण अस्पताल में भी लोगों की भीड़ जुट गई. घटना के बाद घटनास्थल और अस्पताल परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हादसे की जांच शुरू कर दी है. पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है. प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की बात सामने आई है. हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी.

