काल बनी खड़ी हाइवा: स्कूटी की टक्कर में दो सगे भाइयों समेत तीन की दर्दनाक मौत
राष्ट्र संवाद संवाददाता
मुसाबनी (जमशेदपुर)। मुसाबनी-हाता मुख्य मार्ग पर सुरदा यूनियन बैंक के समीप शुक्रवार की शाम एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की जान चली गई। सड़क किनारे खड़े एक हाइवा में अनियंत्रित स्कूटी के टकरा जाने से यह दुर्घटना हुई। मृतकों में गालूडीह के दो सगे भाई भी शामिल हैं। हादसे के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
तेज रफ्तार बनी जानलेवा
मिली जानकारी के अनुसार, गालूडीह के जगन्नाथपुर (बांधडीह टोला) निवासी रोहित कर्मकार, समीर कर्मकार और राजू गोप एक ही स्कूटी पर सवार होकर जा रहे थे। मुसाबनी-हाता मार्ग पर सुरदा यूनियन बैंक शाखा के पास उनकी स्कूटी सड़क किनारे खड़े एक हाइवा से पीछे से जोरदार तरीके से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल में पसरा मातम
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने रोहित, समीर और राजू को मृत घोषित कर दिया। वहीं, एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है, जिसका उपचार चल रहा है। जैसे ही मौत की खबर परिजनों तक पहुँची, अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मच गई। दो सगे भाइयों की एक साथ मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

