विश्व हिंदी दिवस के अवसर पर रंभा कॉलेज में “हिंदी हाट” कार्यक्रम आयोजित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
पोटका। रंभा कॉलेज, गीतिलता के हिंदी विभाग द्वारा ‘विश्व हिंदी दिवस’ के उपलक्ष्य में ‘हिंदी हाट’ नामक एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के बीच हिंदी भाषा के प्रति गौरव भाव जागृत करना और इसके वैश्विक महत्व से अवगत कराना था। काव्य पाठ कार्यक्रम के दौरान कविता पाठ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने अपनी मौलिक एवं प्रसिद्ध रचनाओं के माध्यम से हिंदी की सुंदरता को रेखांकित किया। सुनिधि कुमारी, नित्या कुमारी झा, सलोनी सरदार और चंद्रशेखर कुमार, शिवा सरदार और दिनेश बास्के ने अपनी ओजपूर्ण और भावपूर्ण प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। उनकी बेहतरीन प्रस्तुति को उपस्थित दर्शकों और शिक्षकों द्वारा काफी सराहा गया। हिंदी विभाग की व्याख्याता डॉ. सुमन लता ने एक विस्तृत प्रजेंटेशन के माध्यम से विश्व हिंदी दिवस की ऐतिहासिकता और वर्तमान प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने महत्वपूर्ण तथ्य साझा करते हुए बताया कि: हिंदी आज विश्व के लगभग 176 देशों में बोली जा रही है। विदेशों के 120 से अधिक विश्वविद्यालयों में हिंदी एक विषय के रूप में पढ़ाई जा रही है। डॉ. कल्याणी कबीर ने इस बात पर बल दिया कि हिंदी अब केवल एक भाषा नहीं, बल्कि भारत की अंतरराष्ट्रीय पहचान बन चुकी है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि अपनी विरासत और संस्कृति (हिंदी) में संवाद करने में किसी भी प्रकार का संकोच नहीं करना चाहिए। कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन असिस्टेंट प्रोफेसर शीतल कुमारी द्वारा किया गया तथा धन्यवाद ज्ञापन असिस्टेंट प्रोफेसर ऐश्वर्या श्री कर्मकार ने दिया। इस अवसर पर डॉ. कल्याणी कबीर, असिस्टेंट प्रोफेसर ऐश्वर्या श्री कर्मकार एवं डॉ. किशन कुमार शर्मा सहित अन्य शैक्षणिक व गैर-शैक्षणिक कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने एक स्वर में हिंदी को बढ़ावा देने और इसे दैनिक व्यवहार में गर्व के साथ अपनाने का संकल्प लिया।

