पूर्व मुखिया अजीमुद्दीन के निधन पर शोक।सांवत के पूर्व मुखिया अजीमुद्दीन नहीं रहे।दो दशक से अधिक समय तक पंचायत की संभाली कमान।जनाजे में शामिल हुए बड़ी संख्या में लोग।
छौड़ाही।प्रखंड क्षेत्र के सांवत पंचायत के पूर्व मुखिया डॉ. अजीमुद्दीन उर्फ लाल बाबू (95)का शनिवार शाम हृदय गति रुकने से निधन हो गया।उनके निधन की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। रविवार को जनाजे की नमाज के बाद उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया गया।अंतिम विदाई में बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि शामिल हुए।डॉ.अजीमुद्दीन वर्ष 1980 से 2001 तक लगातार सांवत पंचायत के मुखिया रहे।इसी अवधि में उन्होंने खोदावंदपुर प्रखंड में उपप्रमुख की जिम्मेदारी भी संभाली थी। ग्रामीणों के अनुसार पंचायत में आपसी विवादों के समाधान और लोगों की समस्याओं को स्थानीय स्तर पर सुलझाने में उनकी सक्रिय भूमिका रहती थी।सहज व्यवहार और लोगों से आत्मीय संबंध के कारण वे क्षेत्र में सम्मानित थे।उनके निधन पर पूर्व पंसस अख्तर इमाम,नारायणपीपड़ पंचायत के अरुण पासवान और सांवत पंचायत के पूर्व मुखिया नरेश आजाद ने शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लाल बाबू उनके लिए अभिभावक समान थे। उनका निधन सामाजिक क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति है।उनके स्नेह, मार्गदर्शन और लंबे सार्वजनिक जीवन को लोग हमेशा याद रखेंगे।
जनाजे में उनके पुत्र शमीम अख्तर के अलावा समाजसेवी रामनरेश यादव,सलाउद्दीन,मंजूर आलम,मो.गुफरान,मो.हुसैन,डॉ. कमाल,सरपंच मिसबाहुद्दीन,शेख फूल हसन,मो. इसराइल सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और परिजनों को ढांढ़स बंधाया।

