चक्रधरपुर में “सेवा का अधिकार सप्ताह” के तहत पंचायत स्तरीय शिविर आयोजित, विधायक एवं उपायुक्त ने किया निरीक्षण
राष्ट्र संवाद संवाददाता
पश्चिमी सिंहभूम जिले में “आपकी योजना- आपकी सरकार- आपके द्वार” कार्यक्रम अंतर्गत “सेवा का अधिकार सप्ताह” के तहत आज चक्रधरपुर विधायक श्री सुखराम उरांव एवं जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री चंदन कुमार ने पोड़ाहाट-चक्रधरपुर अनुमंडल पदाधिकारी सुश्री श्रुति राजलक्ष्मी, स्थानीय प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा अंचल अधिकारी की मौजूदगी में चक्रधरपुर प्रखंड के नलिता, कोलचोकड़ा एवं केंदो पंचायत में आयोजित पंचायत स्तरीय शिविरों में भाग लिया।

शिविर का शुभारंभ विधायक एवं उपायुक्त द्वारा किया गया। इसके उपरांत दोनों अधिकारियों ने झारखंड राज्य सेवा देने की गारंटी अधिनियम-2011 में सूचीबद्ध सेवाओं के लाभ उपलब्ध कराने हेतु स्थापित विभिन्न सेवा स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित गोद भराई एवं अन्नप्राशन योजनाओं के लाभुकों को लाभान्वित किया गया, वहीं स्कूली विद्यार्थियों के बीच साइकिल, पठन-पाठन सामग्री एवं डेमो चेक का वितरण भी किया गया।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक श्री सुखराम उरांव ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा संचालित इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पंचायत स्तर पर शिविर लगाकर सरकार की विभिन्न सेवाओं को आम जनता तक सीधे पहुंचाना है। उन्होंने ग्रामीणों से संचालित सेवा शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
उपायुक्त श्री चंदन कुमार ने अपने संबोधन में बताया कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में लगातार छठे वर्ष “आपकी योजना- आपकी सरकार- आपके द्वार” कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष “सेवा का अधिकार सप्ताह” के दौरान जाति, आय, निवास प्रमाण पत्र, जन्म–मृत्यु प्रमाण पत्र, नया राशन कार्ड, दाखिल-खारिज मामलों का निष्पादन, भूमि मापी, भूमि धारण प्रमाण पत्र तथा विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं से संबंधित आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकार कर ऑन-द-स्पॉट निष्पादन सुनिश्चित किया जा रहा है।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ उठाया।

