राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में सोना देवी विश्वविद्यालय के छात्र अंशुमान सिंह की शानदार सफलता
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: टाटा स्टील के JRD TATA कॉम्प्लेक्स के आर्चरी ग्राउंड में 14 नवंबर से 17 नवंबर को आयोजित 16वीं राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में सोना देवी विश्वविद्यालय (Sona Devi University) के स्कूल ऑफ कॉमर्स एंड मैनेजमेंट के बीबीए के छात्र अंशुमान सिंह ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान और शहर का नाम रोशन किया है। यह प्रतियोगिता जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के तीरंदाजी मैदान पर आयोजित की गई थी।
स्कूल ऑफ कॉमर्स एंड मैनेजमेंट के बीबीए के छात्र (सत्र 2024-2028, सेमेस्टर तीसरा) अंशुमान सिंह ने इस प्रतिष्ठित आयोजन में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीता है। यह पदक कंपाउंड 50 मीटर मिश्रित टीम वर्ग में हासिल किया गया।
इस महत्वपूर्ण सफलता का श्रेय अंशुमान के अथक प्रयासों और उनके समर्पित कोच हरेंद्र सिंह और डिपार्टमेंट ऑफ मैनेजमेंट की HOD मोनिका सिंह के कुशल मार्गदर्शन को जाता है। उन्होंने राज्य चैम्पियनशिप में अपनी प्रतिभा, लगन और निशानेबाजी कौशल का प्रमाण दिया है, जिससे यह उपलब्धि हासिल हुई है।
सोना देवी विश्वविद्यालय के प्रबंधन ने अंशुमान सिंह को उनकी शानदार उपलब्धि पर बधाई दी है। यह जीत न केवल अंशुमान का मनोबल बढ़ाएगी, बल्कि यह सोना देवी विश्वविद्यालय और पूरे राज्य में तीरंदाजी के प्रति उत्साह को भी बढ़ाएगी।

