गुप्त सूचना पर जामताड़ा पुलिस की कार्रवाई, दो साइबर अपराधी गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए शहरपुरा के पश्चिम स्थित पलाश के जंगल में साइबर अपराधियों के खिलाफ छापेमारी कर दो अपराधियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई साईबर थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो के निर्देशन में की गई, जिसमें पुलिस पदाधिकारियों नितिश कुमार, वैभव सिंह, हीरालाल महतो, बिनोद सिंह समेत टीम शामिल थी।
गिरफ्तार अपराधियों में मो. रियाज अंसारी (ग्राम ताराबहाल, करमाटाड़) और जाकिर अंसारी (ग्राम चिरुडीह, नारायणपुर) शामिल हैं। इनके पास से फर्जी मोबाइल, पाँच सिम कार्ड सहित अन्य सामान बरामद किए गए। दोनों के खिलाफ साइबर थाना कांड संख्या 70/25 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जेल भेजने की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस के अनुसार ये अपराधी YONO ऐप सक्रिय कराने के नाम पर स्क्रीन शेयरिंग कर ग्राहकों का यूज़र-पासवर्ड एवं OTP हासिल कर बैंक खातों से ठगी करते थे। इसके अलावा Comparify ऐप के जरिए फर्जी कैशबैक लिंक भेजकर ग्राहकों से पैसा अवैध रूप से अपने वॉलेट में ट्रांसफर कर गिफ्ट कार्ड खरीद कर कमीशन पर बेचते थे।
गिरफ्तार रियाज का पूर्व में भी साइबर अपराध का इतिहास रहा है। इनका कार्यक्षेत्र बिहार, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश तक फैला था। पुलिस की इस कार्रवाई से साइबर ठगी गिरोह पर महत्वपूर्ण प्रहार माना जा रहा है।

