रिपोर्ट – अमन ओझा (ब्यूरो चीफ, कोल्हान)
जमशेदपुर शहर के व्यस्त बाजार क्षेत्र साकची थाना अंतर्गत संजय मार्केट में शुक्रवार को दो दुकानदारों के बीच अचानक जमकर मारपीट हो गई, जिससे पूरे बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ग्राहक बुलाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और हाथापाई शुरू हो गई, जिससे आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए और कुछ देर के लिए बाजार का माहौल तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि राजा मल्लिक ने अपने भाइयों के साथ मिलकर मोहम्मद आसिफ और उसके भाई पर हमला कर दिया। मारपीट के दौरान मोहम्मद आसिफ का भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद घायल को तुरंत इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। इधर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घटना के बाद संजय मार्केट में कुछ समय तक तनाव का माहौल बना रहा, हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में बताया है।

