रिपोर्ट – अमन ओझा (ब्यूरो चीफ, कोल्हान)
सरायकेला में शनिवार को दूधी बहुउद्देश्यीय भवन में अपराह्न 12:30 बजे एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें कपाली, सरायकेला और आदित्यपुर नगर निगम के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों तथा सभी प्रत्याशियों को चुनाव में किए गए खर्च के लेखा-जोखा से संबंधित आवश्यक जानकारी दी गई। अधिकारियों ने सभी प्रत्याशियों को निर्देश दिया कि वे आगामी 18 मार्च 2026, बुधवार को अपने चुनावी खर्च से संबंधित आय-व्यय का पूरा विवरण निर्धारित प्रारूप में जमा करें। इसके लिए सुबह 11:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। बैठक में बताया गया कि चुनाव आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक प्रत्याशी के लिए चुनावी खर्च का पूरा लेखा-जोखा समय पर जमा करना अनिवार्य है। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर विवरण जमा नहीं करने पर संबंधित प्रत्याशियों के खिलाफ नियमों के तहत कार्रवाई की जा सकती है। इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों और प्रत्याशियों को लेखा प्रस्तुत करने की प्रक्रिया तथा आवश्यक दस्तावेजों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।

