
उपायुक्त राजीव रंजन ने न्यूजीलैंड की महिला को सौंपा अनाथ बच्चा, जिले में अब तक 8 बच्चों का हुआ दत्तक ग्रहण
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जिला प्रशासन की पहल से एक अनाथ बच्चे को परिवार का स्नेह और संरक्षण मिला। समाहरणालय में उपायुक्त राजीव रंजन ने विधिसम्मत दत्तक ग्रहण प्रक्रिया पूरी होने के बाद बच्चे को न्यूजीलैंड की निवासी उसकी दत्तक मां को सौंपा। महिला एकल अभिभावक के रूप में बच्चे का पालन-पोषण करेंगी।
बच्चा सोनारी स्थित विशेष दत्तक ग्रहण संस्था में रह रहा था। सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उसे दत्तक परिवार को सौंपा गया। जिला प्रशासन बच्चों की सुरक्षा, देखभाल और पुनर्वास के साथ उनके सर्वोत्तम हितों को प्राथमिकता दे रहा है।
प्रशासन के अनुसार, 1 अप्रैल 2026 से अब तक पूर्वी सिंहभूम जिले में आठ अनाथ बच्चों को दत्तक परिवारों को सौंपा जा चुका है। यह पहल बच्चों को सुरक्षित, स्नेहपूर्ण और स्थायी पारिवारिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

