‘रंगोदय 2026’ में गीता थिएटर जमशेदपुर का जलवा, मिले पांच पुरस्कार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। आगरा में आयोजित 22वीं अखिल भारतीय बहुभाषीय नाट्य, नृत्य एवं संगीत प्रतियोगिता ‘रंगोदय 2026’ में गीता थिएटर जमशेदपुर ने पांच पुरस्कार जीतकर झारखंड का गौरव बढ़ाया। संस्कार भारती नाट्य केन्द्र, आगरा की ओर से 22 से 26 अक्टूबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में संस्था के कलाकारों ने विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
गीता थिएटर को झारखंड के पारंपरिक लोकनृत्य ‘झूमर’ के लिए सर्वश्रेष्ठ रंगजुलूस लोकनृत्य प्रदर्शक का द्वितीय पुरस्कार मिला। वहीं, नाटक ‘म्यूजियम ऑफ स्पीशीज इन डेंजर’ के लिए सुमेध को सर्वश्रेष्ठ नाट्य आलेख पुरस्कार प्रदान किया गया। संस्था को सर्वश्रेष्ठ कैम्पफायर प्रस्तुति का पुरस्कार भी मिला।
नाटक में ‘सिरिन’ की भूमिका के प्रभावशाली अभिनय के लिए संस्था की अध्यक्ष गीता कुमारी को सर्वश्रेष्ठ प्रथम सह-अभिनेत्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वहीं, संस्था के सचिव एवं युवा रंगकर्मी प्रेम दीक्षित को रंगमंच में योगदान के लिए स्वामी विवेकानंद सम्मान प्रदान किया गया।
संस्था ने इस उपलब्धि को कलाकारों की मेहनत, रचनात्मकता और समर्पण का परिणाम बताते हुए आयोजकों, निर्णायक मंडल एवं सहयोगियों के प्रति आभार जताया। गीता थिएटर लगातार रंगमंच, लोकसंस्कृति और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में सक्रिय है।

