गंगा ठाकुर को श्रद्धांजलि देने उमड़े हजारों लोग
13 वीं पर चौरासी महाभोज का आयोजन, सामाजिक-धार्मिक योगदान को किया याद
बेगूसराय/ राष्ट्र संवाद ब्यूरो
बछवाड़ा प्रखंड अंतर्गत रानी तीन पंचायत निवासी गंगा ठाकुर के निधन के बाद मंगलवार को 13वीं पर आयोजित चौरासी महाभोज में हजारों लोग शामिल हुए। इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में लोगों ने उनके तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। स्मृति शेष गंगा ठाकुर का 76 वर्ष की उम्र में निधन हुआ था। उन्हें सामाजिक और धार्मिक प्रवृत्ति के व्यक्ति के रूप में याद किया गया।
राष्ट्रीय नाई महासभा की जिला कमेटी और बछवाड़ा प्रखंड कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सभा की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष प्रो. रविंद्र कुमार पप्पू ने की, जबकि संचालन बाला गछ चौरासी सरदार अजय ठाकुर ने किया। प्रो. पप्पू ने कहा कि गंगा ठाकुर ने समाज को जोड़ने और जरूरतमंदों की मदद करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका सरल व्यवहार और धार्मिक आस्था हमेशा लोगों को प्रेरणा देती रहेगी। उन्होंने कहा कि समाज ऐसे व्यक्तित्व को कभी भुला नहीं सकता।
मौके पर नालंदा लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद प्रत्याशी सीपू ठाकुर ने कहा कि गंगा ठाकुर का जीवन सेवा, संस्कार और सामाजिक समरसता का प्रतीक था। उनके निधन से समाज को अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने युवाओं से उनके आदर्शों को अपनाने की अपील की।
जिला कमेटी ने घोषणा की कि 24 जनवरी को भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर की जयंती पर बेगूसराय जिला मुख्यालय में भव्य शोभायात्रा और व्यापक रूप में जयंती समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें पूरे जिले के राष्ट्रीय नाई महासभा के हजारों साथियों के साथ विभिन्न दलों के नेता तथा सामाजिक-राजनीतिक नेतृत्व भाग लेंगे।
सभा में राम अवतार ठाकुर, चंद्रदेव ठाकुर, प्रभु प्रताप ठाकुर, टुनटुन ठाकुर, बैजनाथ ठाकुर, उमानंद ठाकुर, प्रो. सुभाष चंद्र, नागमणि, बालाजी, रामकुमार ठाकुर, डॉ. राजेंद्र ठाकुर , सरदार बिंदेश्वरी ठाकुर, कैलाश ठाकुर, हरिराम ठाकुर, शिक्षक गणेश ठाकुर और जंग बहादुर ठाकुर सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। स्मृति शेष गंगा ठाकुर के पुत्र जगदीश ठाकुर ,प्रदीप ठाकुर, राम प्रताप ठाकुर, मोहन ठाकुर ,कपिल ठाकुर ,संजय ठाकुर और अजय ठाकुर ने अतिथियों को अंगवस्त्र और पुष्पमाला देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के बाद दोनों परगना के उपस्थित हजारों लोगों ने महाभोज में प्रसाद ग्रहण किया।

