जमशेदपुर के वरिष्ठ भाजपा नेता चंद्रशेखर मिश्रा के आकस्मिक निधन पर भाजपा में शोक की लहर
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, सांसद विद्युत महतो, विधायक पूर्णिमा साहू एवं जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा समेत कई नेताओं ने जताया गहरा शोक, गुरुवार को जिला कार्यालय पर लाया जाएगा पार्थिव शरीर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जनसंघ काल से भाजपा को सींचने वाले भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं भाजपा जमशेदपुर महानगर के पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर मिश्रा का बुधवार को आकस्मिक निधन हो गया। बुधवार को अपने भालूबासा स्थित आवास से एक कार्यक्रम में भाग लेने निकलने के दौरान असहज महसूस होने पर उन्हें स्थानीय चिकित्सक के पास ले जाया गया। वहां से बेहतर ईलाज हेतु टेल्को टाटा मोटर्स अस्पताल ले जाते समय उनका निधन हो गया। वे 78 वर्ष के थे। वे हमेशा पार्टी के विस्तार और विचारधारा के प्रचार-प्रसार में सक्रिय रहे। बुधवार को उनके निधन की जानकारी मिलने पर भाजपा में शोक की लहर दौड़ गयी। उनके निधन पर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक पूर्णिमा साहू, भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा समेत कई नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने गहरा शोक जताया है। इससे पहले, सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक पूर्णिमा साहू, जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने टेल्को स्थित टाटा मोटर्स अस्पताल एवं भालूबासा इंद्रानगर स्थित उनके आवास जाकर शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उनका ढांढस बंधाया और निधन पर शोक व्यक्त किया। गुरुवार को सुबह 11:30 बजे चंद्रशेखर मिश्रा के पार्थिव शरीर को साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय लाया जाएगा। जहां भाजपा कार्यकर्ता उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर अंतिम विदाई देंगे। चंद्रशेखर मिश्रा टाटा मोटर्स के कर्मचारी थे। उनके तीन बेटे और एक बेटी हैं। कुछ वर्ष पूर्व उनके एक बेटे का निधन हो गया था, वहीं दो वर्ष पहले उनकी धर्मपत्नी का भी देहांत हो गया था। कुछ दिन पहले ही उन्होंने परिवारजनों के साथ अपना 78वां जन्मदिन मनाया था।
चंद्रशेखर मिश्रा के निधन पर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि जनसंघ काल से संगठन के लिए समर्पित चंद्रशेखर मिश्रा का निधन संगठन, समाज और उनके लिए व्यक्तिगत क्षति है। उनका पूरा जीवन राष्ट्रवाद, संगठन और समाजसेवा को समर्पित रहा। उनकी निष्ठा, विचारधारा और संघर्ष हम सभी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे। श्री दास ने चंद्रशेखर मिश्रा के साथ अपने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने प्रारंभ से ही भालूबासा से साथ मिलकर राजनीतिक कार्यों की शुरुआत की थी। राजनीतिक सफर में दोनों अब तक साथ रहे। चंद्रशेखर मिश्रा भालूबासा शीतला मंदिर और बस्ती विकास समिति के अध्यक्ष के रूप में भी सक्रिय रहे। वे एक ऐसे व्यक्तित्व थे, जिनमें राजनीतिक समझ, सामाजिक सरोकार और आध्यात्मिक विचारों का सुंदर संगम था।
पूर्व मुख्यमंत्री ने भावुक होते हुए कहा कि महज दो दिन पहले ही उन्होंने उन्हें जन्मदिन की बधाई दी थी। उस दौरान उनसे काफी देर तक बातचीत हुई थी। शायद यह एहसास भी नहीं था कि उनसे हुई वह बातचीत आखिरी यादों में शामिल हो जाएगी। लगभग हर दिन उनसे मिलना-जुलना, संगठन की चर्चा करना और संगठन की मजबूती को लेकर चिंतित रहना उनकी दिनचर्या का हिस्सा था। श्री रघुवर दास ने कहा कि चंद्रशेखर मिश्रा जैसे समर्पित और अनुभवी कार्यकर्ता का योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनकी कमी भाजपा संगठन और समाज को लंबे समय तक महसूस होगी। उन्होंने प्रभु से दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति, धैर्य और संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने चंद्रशेखर मिश्रा के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि उनका जाना संगठन और समाज के लिए बड़ी क्षति है। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन जनसेवा और विचारधारा के प्रचार-प्रसार में समर्पित कर दिया। उनकी सादगी, संघर्ष और संगठन क्षमता हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगे। प्रभु से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति और शोक संतप्त परिवार को इस कठिन घड़ी में धैर्य प्रदान करें।
सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि पूर्व जिलाध्यक्ष एवं पूर्वी विधानसभा में मेरे सांसद प्रतिनिधि रहे चंद्रशेखर मिश्रा के आकस्मिक निधन से मन अत्यंत व्यथित है। कल ही पार्टी के कार्यक्रम में उनसे मुलाकात हुई थी। विश्वास नहीं हो रहा कि वह हमारी अंतिम मुलाकात थी। वे केवल राजनीतिक सहयोगी नहीं, बल्कि मेरे सुख-दुःख के साथी और परिवार के एक मजबूत स्तंभ थे। उनका निधन भाजपा परिवार के साथ-साथ मेरी व्यक्तिगत और अपूरणीय क्षति है। उनकी सादगी, निष्ठा, आत्मीयता और संगठन के प्रति समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा। प्रभु दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
वहीं, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि पूर्व जिलाध्यक्ष, वरिष्ठ नेता एवं अभिभावक चंद्रशेखर मिश्रा के आकस्मिक निधन से मन अत्यंत दुखी और व्यथित है। वर्षों से उनका स्नेह, आशीर्वाद और मार्गदर्शन मिलता रहा। उनका यूं अचानक चले जाना मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। एक अभिभावक के रूप में उनकी कमी सदैव खलेगी। इस दुःख की घड़ी में शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं। प्रभु दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने चंद्रशेखर मिश्रा के निधन को बड़ी क्षति बताते हुए कहा कि उनका यूं चले जाना भाजपा परिवारऔर पूरे समाज के लिए एक बड़ी क्षति है। वे एक कुशल संगठनकर्ता, संघर्षशील और कर्मठ नेता थे। मंगलवार को ही संगठन की बैठक में उनसे मुलाकात हुई थी, जहां उन्होंने अपने विचार भी रखे थे। 78 वर्ष की आयु होने के बावजूद संगठन की प्रत्येक बैठक एवं कार्यक्रम में उनकी नियमित उपस्थिति, सक्रियता और समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणादायी रहेंगे। आज भी वे एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निकले थे। उनका यूं अचानक हम सभी को छोड़कर चले जाना मन को गहरा आघात पहुंचाने वाला है। एक वरिष्ठ नेता एवं अभिभावक के रूप में उनका मार्गदर्शन और योगदान सदैव हमारी स्मृतियों में जीवंत रहेंगे। उनका जीवन समाज और संगठन के प्रति समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण है। प्रभु दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

