*चंद्रशेखर मिश्रा का निधन जमशेदपुर के लिए अपूरणीय क्षति : सरयू राय*
राष्ट्र संवाद संवाददाता
**जमशेदपुर।** भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं जमशेदपुर महानगर भाजपा के पूर्व अध्यक्ष चंद्रशेखर मिश्रा के निधन पर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
अपने शोक संदेश में सरयू राय ने कहा कि चंद्रशेखर मिश्रा का महाप्रयाण एक ऐसे संत राजनेता का निधन है, जिन्हें जमशेदपुर सदैव याद रखेगा।
श्री राय ने कहा कि चंद्रशेखर मिश्रा राजनीति में अपनी विचारधारा के प्रति प्रतिबद्ध थे, लेकिन गुटबंदी से निस्पृह रहते थे। मतभेद होने के बावजूद मनभेद नहीं रखना उनके व्यक्तित्व की विशिष्ट पहचान थी। जमशेदपुर भाजपा में वे जिस जमात के साथ रहे, उसके लोगों की पसंद-नापसंद और आपसी मतभेदों के बावजूद उन्होंने आजीवन साथ निभाया।
सरयू राय ने कहा कि चंद्रशेखर मिश्रा का निधन राजनीतिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उनका संतुलित व्यक्तित्व, वैचारिक प्रतिबद्धता और सभी के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध बनाए रखने की विशेषता सदैव स्मरणीय रहेगी। ईश्वर पुण्यात्मा को श्री चरणों में स्थान दें।

