राष्ट्र संवाद संवाददाता
झारखंड में बढ़ते हाथी-मानव संघर्ष को कम करने के लिए वन विभाग ने आधुनिक एआई तकनीक का सहारा लिया है। पूर्वी सिंहभूम के चाकुलिया वन क्षेत्र, दलमा वाइल्डलाइफ सेंचुरी और सरायकेला-खरसावां के चांडिल इलाके में 26 अत्याधुनिक एआई कैमरे लगाए जा रहे हैं। ये स्मार्ट कैमरे हाथियों की गतिविधियों पर 24 घंटे नजर रखेंगे और जैसे ही कोई हाथी कैमरे की रेंज में आएगा, सिस्टम स्वतः सायरन बजाकर ग्रामीणों और वन विभाग को अलर्ट कर देगा। डीएफओ सबा आलम अंसारी ने बताया कि कैमरे चाकुलिया के राजाबासा, जमुआ, माचाडीहा समेत कई गांवों तथा चांडिल क्षेत्र के कुकड़ू, नीमडीह और कुसपुतुल जैसे संवेदनशील इलाकों में लगाए जा रहे हैं। करीब 40 फीट ऊंचे टावरों पर स्थापित ये कैमरे रात में भी प्रभावी ढंग से काम करेंगे। वन विभाग को उम्मीद है कि इस तकनीक से हाथियों की सटीक ट्रैकिंग संभव होगी और फसल नुकसान व जान-माल की हानि जैसी घटनाओं में कमी आएगी।

