जमशेदपुर के मानगो के आजादनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर-17 स्थित खान कॉम्प्लेक्स के 99शोरूम में देर रात भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और शोरूम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया. आग की लपटों ने इमारत के एक हिस्से को भी अपनी चपेट में ले लिया. घटना रात करीब दो बजे की बताई जा रही है. सूचना पर आजादनगर थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने का प्रयास किया. करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. शोरूम मालिक इम्तियाज ने आग से करीब 8 से 10 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान जताया है. हालांकि वास्तविक नुकसान का आकलन किया जाना बाकी है. स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के करीब 45 मिनट बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची. उनका कहना है कि दमकल समय पर पहुंचती तो नुकसान कम हो सकता था. हालांकि दमकल विभाग की ओर से इस आरोप पर आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है. आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. जांच के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.

