राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के निकट बड़ा तालसा गांव में आयोजित मासिका महोत्सव के दौरान केरूवाडूंगरी पंचायत को झारखंड का पहला “मेंस्ट्रुअल वेस्ट फ्री पंचायत” घोषित किया गया। पंचायत के 11 गांवों की महिलाएं और किशोरियां पर्यावरण अनुकूल रीयूजेबल पैड का उपयोग कर रही हैं, जो निश्चय फाउंडेशन, प्रोजेक्ट बाला और पंचायत के चार वर्षों के सतत प्रयास का परिणाम है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला परिषद अध्यक्ष बारी मुर्मू ने इस पहल को पूरे झारखंड के लिए गर्व की बात बताते हुए कहा कि माहवारी स्वच्छता के प्रति जागरूकता और पूरे पंचायत को वेस्ट फ्री बनाने की सोच बेहद प्रेरणादायी है। महोत्सव में किशोरियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम, नाटक, कविता और भाषण के माध्यम से माहवारी को लेकर समाज में फैली चुप्पी तोड़ने का संदेश दिया। इस अवसर पर पंचायत के सक्रिय स्वयंसेवकों और महिला कार्यकर्ताओं को सम्मानित भी किया गया।

