चांडिल डकैती कांड में दो और आरोपी गिरफ्तार, 24 लाख के जेवर बरामद
डिलीवरी कर्मी ने की थी घर की रेकी, धनबाद के स्वर्णकार पर लूट के आभूषण खरीदने का आरोप
चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल बाजार में आभूषण कारोबारी सुरेश चौधरी के घर हुई डकैती मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चांडिल निवासी राहुल कुमार महतो और धनबाद निवासी स्वर्णकार त्रिवेणी प्रसाद के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर करीब 24 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, ब्रिटिशकालीन चांदी के 32 सिक्के, दो मोबाइल फोन और एक हीरो होंडा मोटरसाइकिल बरामद की है।
गौरतलब है कि बीते 9 अक्टूबर की मध्यरात्रि अपराधियों ने हथियार के बल पर सुरेश चौधरी के परिवार को बंधक बनाकर घर में डकैती की घटना को अंजाम दिया था। इस दौरान अपराधियों ने घर से कीमती आभूषण समेत अन्य सामान लूट लिया था। घटना के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की थी।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार राहुल कुमार महतो डिलीवरी कर्मी के रूप में काम करता था। आरोप है कि उसने डकैती से पहले सुरेश चौधरी के घर की रेकी की और अपराधियों को घर की गतिविधियों तथा अन्य जरूरी जानकारी उपलब्ध कराई थी। वहीं, धनबाद निवासी स्वर्णकार त्रिवेणी प्रसाद पर डकैती में लूटे गए आभूषण खरीदने का आरोप है। पुलिस बरामद आभूषणों के संबंध में दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
इस मामले में पुलिस पहले ही पांच अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चांडिल एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों तक पहुंच बनाई।
पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और डकैती में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
Headlines अपराध खबरें राज्य से चाईबासा जमशेदपुर जामताड़ा झारखंड दुमका धनबाद रांची संथाल परगना सरायकेला-खरसावां हजारीबाग

