राज्य भर में शिक्षा व्यवस्था सुधारने के लिए होंगे आयोजन : सरयू राय
प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च शिक्षा की स्थिति पर जताई चिंता
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने कहा कि झारखंड की शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए केवल जमशेदपुर ही नहीं, बल्कि राज्य के सभी जिलों में आयोजन किए जाएंगे। 4 अक्टूबर को होने वाले ‘शिक्षक का सम्मान, शिक्षा का उत्थान’ सेमिनार के उद्देश्य पर उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था की कमियों को चिन्हित कर उनके समाधान के सुझाव सरकार तक पहुंचाए जाएंगे।
मिलानी हॉल में आयोजित तैयारी बैठक में सरयू राय ने प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च शिक्षा की स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कई स्कूलों को दो वर्षों से विकास अनुदान नहीं मिला है, शिक्षकों से गैर-शैक्षणिक कार्य लिए जा रहे हैं तथा पुस्तकालय, सफाईकर्मी, बेंच-डेस्क और कंप्यूटर शिक्षकों की कमी है। उच्च शिक्षा में स्थायी प्राचार्यों और शिक्षकों की कमी तथा मानदेय से जुड़ी समस्याएं भी हैं।
बैठक में आयोजन की जिम्मेदारियां बांटी गईं। सेमिनार 4 अक्टूबर को डीबीएमएस हाईस्कूल परिसर स्थित कलाकृति प्रेक्षागृह, कदमा में होगा। इसमें शिक्षा आधारित स्मारिका का विमोचन और शिक्षकों का सम्मान भी किया जाएगा। आयोजन स्वर्णरेखा क्षेत्र विकास ट्रस्ट एवं नेचर फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में होगा।

