लंबित शैक्षणिक समस्याओं को लेकर अभाविप ने एसडीओ को सौंपा पुनः स्मरण पत्र
बेगूसराय/ राष्ट्र संवाद ब्यूरो
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) तेघड़ा नगर इकाई के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को अनुमंडल पदाधिकारी नीरज सिन्हा से मुलाकात कर क्षेत्र की लंबित शैक्षणिक समस्याओं एवं अनियमितताओं को लेकर पुनः स्मरण पत्र सौंपा। छात्र नेताओं ने कहा कि 27 अगस्त को चार सूत्री मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपे जाने के एक माह बाद भी तीन प्रमुख मामलों में धरातलीय कार्रवाई नहीं हो सकी है।पूर्व में उठाई गई मांगों में से कोचिंग संस्थानों के आसपास पुलिस गश्त एवं सुरक्षा व्यवस्था की मांग पर प्रशासन ने कार्रवाई की है। इसके लिए विद्यार्थी परिषद ने प्रशासन के प्रति आभार जताया। वहीं, शेष तीन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई।प्रतिनिधिमंडल ने बजलपुरा डिग्री कॉलेज के नवनिर्मित भवन की स्थिति से एसडीओ को अवगत कराया। अभाविप के पूर्व जिला सह संयोजक गोविंद कुमार एवं नगर मंत्री राजेश कुमार ने प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, तेघड़ा द्वारा 31 अगस्त को पत्र जारी कर 24 घंटे के भीतर बिना निबंधन संचालित निजी विद्यालयों की रिपोर्ट मांगी गई थी, लेकिन एक माह बीतने के बाद भी कार्रवाई स्पष्ट रूप से सामने नहीं आई है। छात्र नेताओं ने ऐसे विद्यालयों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की।प्रतिनिधिमंडल ने बजलपुरा में बनकर तैयार मॉडल स्कूल का मुद्दा भी उठाया। अभाविप नेताओं के अनुसार विद्यालय भवन तैयार होने के बावजूद शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति नहीं होने के कारण विद्यालय में ताला लटका हुआ है। उन्होंने विद्यालय को शीघ्र शुरू कराने की मांग की, ताकि क्षेत्र के विद्यार्थियों को इसका लाभ मिल सके
।मामले को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी नीरज सिन्हा ने छात्र नेताओं से वार्ता करते हुए आश्वस्त किया कि छात्रों के भविष्य के साथ किसी प्रकार का खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में अभाविप तेघड़ा नगर इकाई के प्रमुख कार्यकर्ता एवं छात्र प्रतिनिधि मौजूद रहे।

