बाल विवाह रोकथाम को लेकर जिला स्तरीय कार्यशाला, समन्वय पर जोर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। बिष्टुपुर स्थित होटल बुलेवर्ड में सामाजिक संस्था युवा (यूथ यूनिटी फॉर वॉलंटरी एक्शन) की पहल पर बाल विवाह रोकथाम को लेकर जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें पुलिस, प्रशासन, पंचायत, विद्यालय, मीडिया और स्वयंसेवी संगठनों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया गया।
युवा की सचिव वर्णाली चक्रवर्ती ने कहा कि बाल विवाह बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा के अधिकारों को प्रभावित करता है। साइबर थाना के अमित अमितेष ने संदिग्ध मामलों की तत्काल पुलिस को सूचना देने और साइबर अपराध की स्थिति में 1930 हेल्पलाइन का उपयोग करने की जानकारी दी। वरिष्ठ पत्रकार अन्नी अमृता और विकास श्रीवास्तव ने जन-जागरूकता व परिवारों की काउंसलिंग को जरूरी बताया।
कार्यशाला में ग्राम सभा, बाल सभा और महिला सभा में बाल विवाह रोकथाम को स्थायी एजेंडा बनाने तथा सहिया, आंगनबाड़ी कर्मियों, शिक्षकों और पंचायत प्रतिनिधियों को सतर्क रहने की अपील की गई। कार्यक्रम में डालसा प्रतिनिधि प्रीति मुर्मू, सामाजिक कार्यकर्ता और किशोरी लीडरों ने भाग लिया। संचालन अंजना देवगम ने किया।

