राय रेलवे स्टेशन पर फुट ओवर ब्रिज और ट्रेनों के ठहराव की मांग, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री को सौंपा ज्ञापन
शैलेश सिंह
चतरा: राय रेलवे स्टेशन की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को चतरा सांसद के प्रतिनिधि दिलीप कुमार अम्बष्ट के नेतृत्व में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री सह रांची लोकसभा सांसद संजय सेठ से उनके रांची स्थित आवास पर मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने रेलवे से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर मंत्री को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में राय रेलवे स्टेशन पर फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) का निर्माण, टाटा-जम्मू तवी एक्सप्रेस के ठहराव, पलामू एक्सप्रेस का रांची तक विस्तार तथा बानो-हटिया एक्सप्रेस का टोरी तक विस्तार करने की मांग प्रमुखता से रखी गई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि राय रेलवे स्टेशन क्षेत्र के लोगों के लिए आवागमन का महत्वपूर्ण केंद्र है। फुट ओवर ब्रिज के अभाव में यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं, प्रमुख ट्रेनों के ठहराव और विस्तार से क्षेत्र के लोगों को बेहतर रेल सुविधा मिल सकेगी। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने प्रतिनिधिमंडल की सभी मांगों को गंभीरता से सुना और समस्याओं के त्वरित निष्पादन के लिए आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में सांसद प्रतिनिधि दिलीप कुमार अम्बष्ट, भाजपा नेता राजू गुप्ता एवं जयप्रकाश साहा शामिल थे।

