अजय की मौत पर इंसाफ की गुहार, एसएसपी कार्यालय पहुंची मां ने किया आत्मदाह का प्रयास
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र के खूंटाडीह बड़तल्ला निवासी 21 वर्षीय अजय कुमार यादव की मौत के मामले में सोमवार को उसकी मां इंसाफ की मांग लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंचीं। परिजनों का आरोप है कि पुलिस की ओर से अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होने से आहत होकर उन्होंने आत्मदाह का प्रयास किया, जिसे पुलिसकर्मियों और लोगों ने रोक लिया।
परिजनों के अनुसार, 26 जुलाई को अजय ने फांसी लगाकर आत्महत्या की थी। परिवार का आरोप है कि एक युवती द्वारा कथित मानसिक दबाव, ब्लैकमेलिंग और पैसों की मांग से वह परेशान था। घटना से एक दिन पहले दोनों के बीच विवाद होने की बात भी सामने आई है।
परिजनों ने अजय के मोबाइल और ऑडियो रिकॉर्डिंग की जांच कराने की मांग करते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की गुहार लगाई है। हालांकि, आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और मामले में अंतिम निष्कर्ष पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगा।

