PNM और OSL की मनमानी से केरेडारी-टंडवा मुख्य सड़क पर जाम, ब्लैकलिस्ट करने की मांग
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चतरा: चंद्रगुप्त कोल परियोजना से कोयला ढुलाई में लगी PNM और OSL कंपनी के वाहनों के कारण केरेडारी-टंडवा मुख्य सड़क पर इन दिनों लगातार जाम की स्थिति बनी रहने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कोयला वाहनों की बेतरतीब आवाजाही और सड़क पर वाहनों के खड़े रहने से आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पहले से ही कोयला परिवहन के कारण धूल-गर्द की समस्या बनी हुई है। अब सड़क जाम की समस्या ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। स्कूली वाहनों, एंबुलेंस और अन्य जरूरी सेवाओं के वाहनों को भी जाम के कारण कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि कंपनियों से जुड़े कुछ लाइजनरों के प्रभाव के कारण क्षेत्र में मनमानी का माहौल बना हुआ है। साथ ही, प्रदूषण और प्रबंधन के नाम पर कथित तौर पर राशि के लेन-देन को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। लोगों का यह भी दावा है कि एक एजेंसी द्वारा एक कंपनी से जुड़े लाइजनर को कार्यालय बुलाकर पूछताछ की गई थी। इसके बावजूद संबंधित पक्ष की गतिविधियों को लेकर स्थानीय स्तर पर असंतोष बना हुआ है। स्थानीय ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने संबंधित लाइजनरों और कंपनियों के कामकाज की जांच ईडी एनआईए और आयकर विभाग से जांच कराने की मांग की है। साथ ही स्थानीय लोगों ने PNM और OSL को ब्लैकलिस्ट करने की मांग भी उठाई है। फिलहाल, पूरे मामले में संबंधित कंपनियों और प्रबंधन का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। उनका पक्ष मिलने पर उसे भी प्रकाशित किया जाएगा।

