केरला समाजम हिंदी स्कूल में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह संपन्न
मेधावी एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर किया सम्मानित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। केरला समाजम हिंदी स्कूल, गोलमुरी में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती की वंदना से हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने नृत्य, समूहगान सहित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
समारोह के मुख्य अतिथि केरला समाजम के नवनिर्वाचित अध्यक्ष टी.के. सुकुमारन ने शैक्षणिक, नियमितता एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र प्रदान किए। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं।
विद्यालय प्राचार्य अनुरंजन ने अतिथियों एवं अभिभावकों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत और प्रतिभा का सम्मान उन्हें भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता है। कार्यक्रम का संचालन प्रीति कुमारी, लक्ष्मी कुमारी एवं अनिरुद्ध विश्वकर्मा ने किया। समारोह में बीओटी सदस्य, शैक्षणिक निर्देशिका नंदिनी शुक्ला, प्राचार्या रीना बनर्जी, उपप्राचार्य ए.एल. अब्राहम, उपप्राचार्या सुजाता सिंह सहित शिक्षक, अभिभावक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

