निखार सबलोक हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई, यूपी के दो कथित शूटर हथियार के साथ गिरफ्तार
15 लाख रुपये की सुपारी का खुलासा, हत्या से पहले एडवांस भुगतान को लेकर हुआ था विवाद
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। चर्चित होटल कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड की जांच में जमशेदपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सीतारामडेरा थाना पुलिस ने मानगो बस स्टैंड क्षेत्र में छापेमारी कर उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर निवासी प्रदीप सिंह (38) और अभिनय यादव (24) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के पास से दो गोलियों से लोड एक देसी पिस्टल बरामद की है।
गुरुवार को प्रेस वार्ता में ASP ऋषभ द्विवेदी ने बताया कि 2 सितंबर को हथियार के साथ दो संदिग्धों के मानगो बस स्टैंड के आसपास घूमने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने पाण्डेय घाट के समीप शौचालय के पीछे छिपे दोनों आरोपियों को दबोच लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर खुलासा किया कि उन्हें निखार सबलोक की हत्या के लिए 15 लाख रुपये की सुपारी देकर जमशेदपुर बुलाया गया था। दोनों को कुम्हारपाड़ा स्थित एक मकान में सुनील रजक के माध्यम से ठहराया गया था। हालांकि एडवांस भुगतान को लेकर विवाद के कारण 19 अगस्त को वे हत्या को अंजाम दिए बिना उत्तर प्रदेश लौट गए थे।
बाद में दोनों दोबारा जमशेदपुर पहुंचे, लेकिन उन्हें जानकारी नहीं थी कि निखार सबलोक की हत्या हो चुकी है और मामले के प्रमुख आरोपियों में शामिल अशोक कुमार सिंह उर्फ राघव गिरफ्तार किया जा चुका है। दोनों राघव से संपर्क करने की कोशिश में थे, इसी दौरान पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, प्रदीप सिंह के खिलाफ उत्तर प्रदेश में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, धोखाधड़ी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस हत्याकांड से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

