चतरा में निकली भव्य यूनिटी यात्रा, सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर उमड़ा जनसैलाब
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चतरा। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर चतरा जिला में आज यूनिटी यात्रा का आयोजन किया गया। जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से सुबह 10:30 बजे शुरू हुई यह यात्रा पूरे शहर में एकता, अखंडता और राष्ट्रभावना का संदेश देती हुई आगे बढ़ी।
कार्यक्रम की शुरुआत सांसद कालीचरण सिंह, विधायक जनार्दन पासवान, एवं भाजपा जिला अध्यक्ष रामदेव सिंह भोक्ता ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर की। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, युवा, छात्र-छात्राएँ और आम नागरिक शामिल हुए,
*सरदार पटेल के योगदान पर विशेष चर्चा*
यात्रा से पहले आयोजित सभा में वक्ताओं ने लौह पुरुष सरदार पटेल के महान योगदानों को याद किया। उन्होंने बताया कि कैसे पटेल ने 562 रियासतों को एकजुट कर नए भारत की नींव को सशक्त बनाया। सभा में उनकी विचारधारा और राष्ट्रप्रेम को आगे बढ़ाने के संकल्प का आह्वान किया गया।
*देशभक्ति के माहौल में आगे बढ़ी यात्रा*
हरी झंडी मिलते ही यूनिटी यात्रा देशभक्ति गीतों, तिरंगे झंडों और जयघोष के साथ निकल पड़ी। रास्ते भर लोगों ने यात्रा का स्वागत किया। पूरा शहर एकता और उत्साह के रंग में रंगा दिखाई दिया।
*भाजपा चतरा जिला ने जताया आभार*
भाजपा जिला इकाई ने भारी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं व नागरिकों का आभार जताया।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष मोर्चा के युवा अध्यक्ष सुमन सौरभ, मिथिलेश गुप्ता, विद्यासागर आर्य, जितेंद्र पांडे, मनोज कुमार कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

