पीडीएस डीलरों को जल्द मिलेगा 14 माह का बकाया कमीशन
राज्य सरकार ने 52 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की
राष्ट्र संवाद संवाददाता
धनबाद।झारखंड के पीडीएस दुकानदारों को 14 महीनों से लंबित कमीशन का इंतजार अब खत्म होने वाला है। राज्य सरकार ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) के तहत खाद्यान्न के हैंडलिंग, परिवहन और डीलर मार्जिन के लिए 52 करोड़ 3 लाख 66 हजार 550 रुपये की राशि स्वीकृत की है, जिसमें से 30.12 करोड़ रुपये डीलर कमीशन के भुगतान हेतु आवंटित किए गए हैं।
यह राशि एसएनए-स्पर्श प्रणाली के माध्यम से सीधे डीलरों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। पूरे राज्य के करीब 25,200 पीडीएस डीलरों को इसका लाभ मिलेगा, जिन्हें पिछले 13-14 महीनों से कमीशन नहीं मिला था।
धनबाद के डीलरों ने बताया कि वे लंबे समय से भुगतान की प्रतीक्षा कर रहे थे और परिवार चलाने में कठिनाई झेल रहे थे। अब सरकार द्वारा राशि जारी होने से भुगतान प्रक्रिया शुरू हो गई है और डीलरों को जल्द ही उनका बकाया कमीशन प्राप्त होगा।

