क्या करमाटांड़ के सड़कों पर बने तलाब जैसे गड्ढे मछली पालन के लिए कर रहे है इंतजार या मंत्री इरफान को जल्द ध्यान देने की है आवश्यक्ता?
राष्ट्र संवाद के बिहार-झारखंड व पश्चिम बंगाल प्रभारी निजाम खान ने जब अपने टीम के साथ जामताड़ा विधानसभा के करमाटांड़ प्रखंड क्षेत्र का किया दौरा तो मंत्री इरफान के बड़े-बड़े विकास के दावे का खुला पोल!
विद्यासागर और कुरुवा पंचायत के ईदगाह मोड़ पर सड़कों पर बना तालाब जैसे बड़े-बड़े गड्ढे ने मंत्री इरफान के विकास के दावे पर खड़ा कर रहे है प्रश्न चिन्ह!
निजाम खान। राष्ट्र संवाद
जामताड़ा: जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र के करमाटांड़-विद्यासागर मुख्य सड़क और कुरुवा पंचायत अंतर्गत ईदगाह मोड़ मेन चौक पर बने बड़े-बड़े गड्ढों ने स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। बरसात हो या धूप परेशानी का तो सामना करना पड़ता है।इस सड़क पर बरसात में तो कीचड़ और पानी भरा रहता है। गड्ढों में इतना पानी जमा हो गया है कि राहगीर मज़ाक में इसे “मछली पालन का तालाब” कहकर संबोधित करते हैं। लेकिन असलियत यह है कि यह समस्या लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी को कठिन बना रही है।
सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के लिए यहाँ से गुजरना किसी चुनौती से कम नहीं। बारिश के दिनों में गड्ढों में पानी भरने के कारण दुर्घटनाओं का खतरा और भी बढ़ जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की जर्जर स्थिति के कारण व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। अक्सर लोग गड्ढों और कीचड़ से बचने के लिए इस रास्ते से गुजरना ही नहीं चाहते।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस सड़क का निर्माण कई साल पहले हुआ था, लेकिन उसके बाद से इसकी मरम्मत की कोई पहल नहीं की गई। कई बार इसकी शिकायतें की गईं, मगर अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लोगों का कहना है कि यह सड़क करमाटांड़-विद्यासागर क्षेत्र को जोड़ने वाली प्रमुख सड़क है, जिस पर रोजाना हजारों लोग आवाजाही करते हैं।
ईदगाह मोड़ मेन चौक के पास बने विशाल गड्ढों में पानी जमा होने के कारण यहां बच्चों और बुजुर्गों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है।बताया जा रहा है अक्सर राहगीरों को फिसलकर चोट लग जाती है। स्थिति यह हो चुकी है कि लोग मजाक में कहते हैं कि यहाँ “मछली पालन के लिए तलाब बन चुका है, बस मछलियों का इंतजार है।
स्थानीय लोगों ने जामताड़ा के विधायक और झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।गौरतलब है कि मंत्री इरफान अक्सर विकास के बड़े-बड़े दावे करते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग दिख रहा है।यह स्थिती तब दिखा जब राष्ट्र संवाद की टीम ने करमाटांड़ प्रखंड क्षेत्र का दौरा किया।सड़क की यह स्थिति स्वास्थ्य के लिए भी खतरा बन चुकी है, क्योंकि गड्ढों में जमा पानी से मच्छर पनप रहे हैं, जिससे डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही सड़क की मरम्मत और जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई, तो वे आंदोलन करने पर मजबूर होंगे। उन्होंने मांग की है कि जिला प्रशासन और संबंधित विभाग तुरंत संज्ञान लें और सड़क की मरम्मत का कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू करें।
स्थानीय निवासियों की उम्मीद है कि विधायक सह स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी जल्द ही इस समस्या पर ध्यान देंगे और जामताड़ा की जनता को राहत दिलाएँगे।

